मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना के सकरी में देर रात अनियंत्रित होकर एक बोलेरो 10 फीट गड्ढे में पलट गई। चालक भी उसी में फंसा रह गया। बोलेरो में बच्चे, महिला और पुरुष थे। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।लोगों ने कड़ी मशक्कत कर सभी को रेस्क्यू क़िया। किसी प्रकार की हताहत नहीं हुई। सभी को आंशिक चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर तुर्की ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के सम्बंध में सभी से पूछताछ कर इलाज के लिए स्थानीय हॉस्पिटल में ले जाया गया।

बोलेरो सवार लोगों ने बताया कि सभी औराई के भरथुआ के रहने वाले हैं। पटना में बच्चों का मुंडन कराने गए थे। घर लौटने के दौरान अचानक से बोलेरो अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। तुर्की ओपी प्रभारी रवि प्रकाश ने बताया कि बोलेरो को गड्ढे से निकालने की कवायद की जा रही है। किसी प्रकार की हताहत नहीं है। सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही है। संभावना है कि चालक की आंख लग गयी होगी, जिससे ये हादसा हुआ। बहरहाल चालक से पूछताछ करने की कवायद की जा रही है। सभी लोगों का नाम पता का सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





