तीसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ मंदिर में तीन लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भक्तों ने लिया आशीर्वाद

मुजफ्फरपुर : सावन मास की तीसरी सोमवारी पर मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में दूर-दराज क्षेत्रों से कांवड़ियों ने गरीबनाथ धाम पहुंचकर गंगाजल का अभिषेक कर बिल्व-पत्र, भांग, धतूरा, कनेर, अपराजिता का पुष्प, चंदन, घी, शहद, अक्षत, फल व प्रसाद का विधिवत अर्पण किया।

वहीं भगवान के विभिन्न नामों का मंत्रोच्चारण करके सुख-समृद्धि की कामना कर विश्व में सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान महिला और पुरूष श्रद्धालुओं ने कैलाशपति के अलग-अलग नामों के जयकारे लगाए।

इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यहीं नहीं बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी श्रद्धा व आस्था के साथ बाबा गरीबनाथ धाम सहित शहर के अलग-अलग शिवालयों में दूध, शहद, गुड़, गन्ने का रस, गंगाजल व अलग-अलग प्रकार के मिष्ठान को चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का ध्यान कर पूजन किया।

इस दौरान श्रद्धालुओं में बाबा गरीबनाथ के प्रति श्रद्धा व आस्था देखते ही बन रही थी। शहर के विभिन्न सेवा दलों ने कांवड़ियों की सेवा के लिए जगह-जगह शिविर लगाकर हर तरह की सेवा की।

स्वास्थ्य शिविर के साथ-साथ कांवड़ियों के लिए हर तरह की सुविधा भी मुहैया कराई गई। सेवा दल के लोग अपार श्रद्धा के साथ कांवड़ियों की सेवा में लगे रहे। जिसमें कांवड़ियों के लिए शिविर में चाय, बिस्किट, ग्लूकोज, शरबत, गरम पानी व दवा की व्यवस्था की गई थी।

इसके अलावा शिविर में सभी सेवा दल के सदस्यों ने सिर पर महाकाल का तिलक लगाकर कावड़ियों की सेवा की। अलग-अलग रंग-रूप व आकार के कांवड़ ने भक्तों को खूब आकर्षित किया।

बच्चे, बूढ़े पुरूष व महिलाएं सभी बाबा की भक्ति में नाचते-गाते पहलेजा से जल बोझकर बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचे और भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक किया।

वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। साथ ही साथ पदाधिकारियों ने खुद कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते हुए सेवा में जुटे रहे।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading