पटना। स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने पटना में बड़ी कार्रवाई की है। बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर अरूण कुमार को 50 हजार रुपया रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। इस कार्रवाई को सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के ऑफिस में ही अंजाम दिया गया है।
रंगे हाथ इन्हें पकड़ने के बाद SVU की टीम ने पहले इनके ऑफिस को खंगाला। वहां हर एक चीज की जांच की। फिर SVU की टीम ने पटना के ही बेउर रोड में स्थित अरूण कुमार के घर पर अचानक से छापेमारी कर दी। घर से अब तक लाखों रुपए की सोने-चांदी की ज्वेलरी और कैश रुपए बरामद हुए हैं। एक फोर व्हीलर कार भी टीम के हाथ लगा है।
दरअसल, सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के काले कारनामों की जानकारी ठेकेदार गणेश कुमार SVU को दी थी। ठेकेदार ने बताया था कि उसने जो काम किया था, वो पूरा हो गया। उसका बिल पास करने के नाम पर 50 हजार रुपयों की डिमांड सुपरिटेंडेंट इंजीनियर की तरफ से की गई है।
जिसके बाद ADG नैयर हसनैन खान के आदेश पर टीम बनाई गई। टीम को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। शुरुआती जांच में आरोप सही साबित होने पर सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के खिलाफ 16 अगस्त को SVU ने FIR नंबर 11/2022 दर्ज किया और फिर आज उन्हें रिश्वत लेते हुए ट्रैप कर लिया। फिलहाल इस मामले में छापेमारी अभी भी जारी है।


