गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के जयनगर के गांव के एक युवक का चाल्हो पहाड़ के नीचे सुनसान जगह से गुरुवार की शाम शव मिला। वह बुधवार से लापता चल रहा था। मारे गए युवक की पहचान संजीत भुइंया के रूप में हुई है। वह चरवाहा था। वह मवेशी को लेकर चाल्हो पहाड़ की ओर गया था। गुरुआ थाना क्षेत्र का चाल्हो पहाड़ नक्सलियों की आवाजाही के लिए हमेशा से मुफीद रहा है। गुरुा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार संजीत भुइंया बुधवार को मवेशियों को लेकर चराने निकला था। लेकिन वह बुधवार को देर रात तक घर नहीं लौटा। जबकि मवेशी खुद ही अपने घर को लौट आए थे। इस पर संजीत के परिजनों की चिंता बढ़ गई। वे बुधवार की रात से उसे खोजने में जुट गए।

लेकिन रात होने की वजह से वह उसे ज्यादा नहीं खोज पाए। गुरुवार की सुबह से ही उसकी तलाश में गांव घर के लोग जुट गए। काफी देर तक खोजबीन के बाद शाम को उसका शव चाल्हो पहाड़ के नीचे दिखा। शव को देखते ही संजीत के परिजन दहाड़े मार कर रोने लगे। इस पर लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची गुरुआ पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही वह घटना की जांच में जुट गई है। अपराधियों की खोजबीन के लिए वह लोगों से पूछताछ करने में जुट गई है।




