राजद के वरिष्ठ नेता और राज्य सभा सदस्य मनोज झा ने सीबीआई और मीडिया को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने गुरुवार को साक्ष्य के साथ अपनी बात रखी थी। अर्बन क्यूब मॉल को तेजस्वी का बताना गलत है। तेजस्वी को साक्ष्य रखे 48 घंटे हो चुके हैं। गलत आरोप लगाकर खबर चलाने वाले माफी मांगें नहीं तो मानहानि का नोटिस भेजेंगे।

वे राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में बोल रहे थे। प्रेस कांफ्रेस में शक्ति यादव, राजेश यादव आदि नेता भी मौजूद थे। मनोज झा ने कहा कि जब तेजस्वी सबूत पेश करते हैं तो मीडिया चुप्पी साध लेती है। यह पत्रकारिता नहीं है। अब तक माफी क्यों नहीं मांगी गई? किस बात का डर है आपको कि तेजस्वी और नीतीश कुमार साथ आ गए हैं!
यह गुंडाराज है क्या कि गरीब रेलकर्मियों को धमकाओगे, गाली दोगो
मनोझ झा ने भाजपा को कहा कि आप लोगों को कूवत नहीं है कि अब राजनीतिक लड़ाई लड़ सकें। अपने जमाई सीबीआई और ईडी को आगे करके लड़ाई लड़ना चाहते हैं। संस्थाओं के चीर हरण की कोशिश भाजपा लगातार कर रही है। रेलवे के ग्रुप डी कर्मचारियों को धमकाया जा रहा है, पीटा जा रहा है कि तुम तेजस्वी के साथ नहीं रहो, तुम लालू प्रसाद के साथ नहीं रहो। यह गुंडाराज है क्या कि गरीबों को धमकाओगे, गाली गलौज करोगे!

सीबीआई अफसरों का इस तरह से विरोध होगा
उन्होंने कहा कि महागठबंधन के कार्यकर्ता सीबीआई के उन अफसरों का विरोध करेंगे जो छापामेरी के लिए आएंगे। विरोध में उन्हें फूल देंगे और कहेंगे कि आप जल्दी से स्वस्थ हो जाइए। गांधीवादी तरीके से सीबीआई के अफसरों का विरोध होगा। सीबीआई के अफसर किस तरह से भाजपा के उसकावे में काम कर रहे हैं उसका प्रमाण हमारे पास है। वे आरोप लगा रहे हैं और हम सबूत पेश कर रहे हैं। हम आईना दिखा रहे हैं। कहा कि सरकार आएगी और जाएगी लेकिन जो सरकारी कर्मचारी हैं उनका कार्य ठीक होना चाहिए अन्यथा आगे बहुत दिक्कत होगी।

भाजपा पॉलिटिकल लड़ाई के बजाय छापेमारी करवा रही है
मनोज झा ने कहा कि सीबीआई को इन्वेस्टिगेशन सिखनी है तो बिहार आ जाएं, हम उन्हें बढ़िया से इन्वेस्टिगेशन सिखवा देंगे। सीबीआई भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। कहा कि भाजपा को लड़ना है तो वह पॉलिटिकली लड़े। अब हम जनता के बीच जाएंगे और जाकर बताएंगे कि हम लोगों के रोजगार की बात कर रहे हैं इसलिए उनको परेशानी हो रही है और छापेमारी करवा रही है। हम बताएंगे कि भाजपा के लोग खबर प्लांट करवा रहे हैं। 24 तारीख के बाद से महागठबंधन का एक-एक कार्यकर्ता अलर्ट है।

लालू यादव के नजदीकियों पर CBI की छापेमारी और अपने ऊपर लग रहे आरोप पर डिप्टी CM तेजस्वी यादव ने भाजपा पर हमला बोला था। उन्होंने RJD दफ्तर में पत्रकारों से कहा कि गुड़गांव व्हाइट लैंड कंपनी के जिस मॉल को मेरा बताया जा रहा है, इससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। CBI मेरा मॉल पकड़ने गई थी, मैंने भाजपा वालों का पकड़ लिया है। हिम्मत है तो CBI खट्टर पर कार्रवाई करे।

तेजस्वी ने नित्यानंद राय का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा के केंद्र में मंत्री हैं ना जो बिहार में महाराष्ट्र वाला खेला करना चाह रहे थे, वे लाइन में रहें। सब कुछ ठंडा दिया जाएगा। उन्होंने सीबीआई को भी चेतावनी दी और कहा- क्या जिंदगी भर CBI अफसर ही रहेंगे। क्या वे रिटायर नहीं होंगे? उनके मां-बाप, बच्चे नहीं हैं? उनका परिवार नहीं है? क्या सत्ता में एक ही सरकार रहेगी? संवैधानिक संस्था का दायित्व मिला है तो उसे निभाएं।

