पटना के दानापुर स्थित दियारा क्षेत्र के कई पंचायतों में बाढ़ का पानी तेजी से घुसने लगा है। इसे लेकर ग्रामीणों के बीच अफरा तफरी का माहौल बना हुआ है। पानी के गांव में घुसने से लगभग 3 लाख की आबादी प्रभावित होने लगी है। बाढ़ के कारण दियारा क्षेत्र का कई पंचायत टापू में तब्दील हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार दानापुर के दियारा में 6 पंचायत हैं। इनमें कासिमचक, पुरानी पानापुर, मानस, पतलापुर, गंगहारा और हेतमपुर शामिल है जबकि दीघा के विधानसभा अंतर्गत नकटा दियारा पंचायत भी बाढ़ की चपेट में आ गया है। बताया जा रहा है कि इन पंचायतों को मिलाकर लगभग 3 लाख की आबादी इन दिनों बुरी तरह प्रभावित होता नजर आ रहा है।
बताते चलें कि दानापुर के गंगा के उत्तरी भाग में दियारा का क्षेत्र पड़ता है। यहां के लोगों का मुख्य व्यवसाय खेती है। लोगों का यह मानना है कि दियारा का यह क्षेत्र कई वर्षों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र रहा है। लोग बताते हैं कि प्रत्येक वर्ष यहां बाढ़ के कारण लोगों के घर मकान और खेत डूब जाते हैं जिससे प्रत्येक वर्ष करोड़ों रुपए का नुकसान यहां के लोगों को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद से मांग करने के बाद वहां पीपा पुल का निर्माण कराया गया था लेकिन गंगा में जलस्तर बढ़ने के साथ ही पीपा पुल को खोल दिया जाता है इसके बाद लोगों के आवागमन का मात्र एक साधन नाव ही होता है।
दानापुर उत्तरी जिला परिषद सदस्य संजू देवी ने बताया कि दानापुर के दियारा क्षेत्र के 3 पंचायत में लगभग 3 से 4 फीट के आसपास पानी घुस गई है इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने पटना के जिलाधिकारी से इन क्षेत्रों में अविलंब नाव की व्यवस्था करने और 11 के कई पंचायतों को बाढ़ ग्रस्त घोषित करने की मांग की है।
