पटना विश्वविद्यालय के स्नातक में वोकेशनल और सामान्य कोर्सों में नामांकन के लिए स्पॉट राउंड के तहत मंगलवार से नामांकन शुरू हो गया। पहले दिन 89 छात्रों ने नामांकन कराया। बीएन कॉलेज में सामान्य कोर्स में 20 व वोकेशनल कोर्स में 1, मगध महिला कॉलेज में सामान्य में 20 व वोकेशनल में 9, पटना साइंस कॉलेज में सामान्य 6 व वोकेशनल में 1, पटना कॉलेज में सामान्य में 13 व वोकेशनल में 4 और वाणिज्य कॉलेज में सामान्य में 8 व वोकेशनल में 7 छात्रों ने नामांकन कराया।

सबसे ज्यादा मगध महिला में दोनों कोर्सों में 29 छात्राओं ने नामांकन कराया है। वहीं सबसे कम 7 नामांकन पटना साइंस कॉलेज हुआ। बुधवार को बाकी सीटों पर नामांकन लिया जाएगा। इसके बाद नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। छात्र बुधवार को शाम 5 बजे तक नामांकन करा सकते हैं।
एक को इंडक्शन, दो से शुरू होंगी कक्षाएं
बता दें कि रविवार को नामांकन के लिए पोर्टल खोला गया था जिसमें 1800 छात्रों ने च्वाइस फिलिंग की है। सामान्य कोर्स के लिए 1587 और वोकेशनल कोर्स में 213 छात्रों ने च्वाइस फिलिंग की है। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि स्पॉट राउंड के तहत 31 अगस्त तक खाली सीटों पर नामांकन पूरा हो जाएगा।

पटना विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले बीएन कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, वाणिज्य कॉलेज और साइंस कॉलेज में इंडक्शन कार्यक्रम 1 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। पटना विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम अच्छे से करें। वहीं सभी कॉलेजों में कक्षाएं 2 सितंबर से शुरू कर दिया जाएगा।



