बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेलंगाना के उनके समकक्ष केसीआर की मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कुछ दल एकजुट हो रहे हैं। शुक्रवार को नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि हमलोगों ने कभी किसी भ्रष्टाचारी को नहीं बचाया।

प्रधानमंत्री के बयान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कुछ भी बोल रहे हैं। प्रधानमंत्री क्या बोल रहे हैं ये वही जानें। सवालिया लहजे में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कहां कोई किसी भ्रष्टाचारी को बचा रहा है ? हमारी सरकार ने हमेशा भ्रष्टाचारियों पर एक्शन लिया है। भाजपा केवल बयानबाजी कर रही है।

भ्रष्टाचारियों के खिलाफ हमने की कार्रवाई
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा और प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि हम केवल बयानबाजी नहीं करते। हमने भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का काम भाजपा करती है।

दरोगा प्रसाद राय की जयंती में शामिल हुए मुख्यमंत्री
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में नये सचिवालय के नजदीक दरोगा प्रसाद राय की जयंती के मौके पर यह बात कही। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भाजपा और प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। शुक्रवार को सीएम नीतीश कुमार दरोगा प्रसाद राय की जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए।






