औरंगाबाद में जमीनी विवाद में सीआरपीएफ जवान की गोली मारकर अपराधियों ने हत्या कर दी। घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र के जमुआंवा गांव की है। मृतक 40 वर्षीय सीआरपीएफ राजू कुमार उर्फ विजय सिंह उसी गांव का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू की।

कई दिनों से चल रहा था जमीनी विवाद
सूत्रों के अनुसार कई दिनों से जमीनी विवाद चल रहा था। मामला पुलिस और अदालत तक गया। एक बार समझौता भी हुआ था। सीआरपीएफ जवान छुट्टी पर घर आया था। किसी बात को लेकर शनिवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट हो गई। जिसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने गोली मार दी।

जिसके कारण सीआरपीएफ जवान की मौके पर ही मौत हो गई। तत्काल इसकी सूचना दाउदनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दाउदनगर सीओ मनोज कुमार गुप्ता एवं थाना के पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तहकीकात शुरू की।

हथियार के साथ आरोपी धराया
घटना के बाद पुलिस छापेमारी कर एक आरोपी को हथियार के साथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार मृतक का भतीजा है। दाउदनगर थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि आरोपी अमित कुमार को हत्या में प्रयुक्त किए गए बंदुक और कुछ जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। गांव में पुलिस बल और पदाधिकारी तैनात हैं।






