बिहार के सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के कौरुधौरु गांव के युवकों ने सोमवार की देर शाम एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जख्मी हालत में युवक को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर माँझी पीएचसी में एडमिट करा दिया।

अस्पताल में हालत बिगड़ने से मौत
मंगलवार की देर रात स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सकों ने जख्मी युवक को छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि पकड़े जाने के दौरान मृतक ने खुद को बलिया का निवासी बताया था। मृतक के साथ तीन अन्य युवक भी थे जो कौरुधौरु गांव के युवकों द्वारा पीछा किये जाने के दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर रेलवे लाइन के रास्ते भागने में सफल रहे।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस बीच पुलिस ने युवक के साथ मारपीट किये जाने के मामले में दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। उधर मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया। शव की शिनाख्त नही हो सकी थी। पुलिस द्वारा इस मामले में अबतक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।






