लड़का-लड़की राजी….थाने में हो गई शादी:शिवहर में रॉन्ग नंबर से शुरू हुई बात, फिर हुआ प्यार और शादी

शिवहर में एक प्रेमी जोड़े की थाना में शादी कराई गई। एक रॉन्ग नंबर से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। फिर दोनों में घंटों बातें होने लगी। दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे। बात घरवालों को पहुंची तो पाबंदी बढ़ गई। शादी से दोनों के परिवार ने मना कर दिया। इसलिए दोनों घर से भाग गए। बाद में मामले की जांच में पुलिस ने पाया कि दोनों बालिग हैं, इसलिए थाना परिसर में ही दोनों की शादी करवा दी गई।

बुधवार का थाना परिसर में कराई शादी।

मामला जिले के श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र का है। जहां थाना परिसर में एक प्रेमी और प्रेमिका की शादी करवाई गई है। वह भी थानाध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुई है।

दोनों ने पहले भी कर ली थी शादी

दरअसल, जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के कुशहर की रहने वाली लड़की प्रिया कुमारी को श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी सूरज कुमार से प्यार हो गया। एक रॉन्ग कॉल से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे से मिलने लगे। इसी बीच दोनों ने चोरी-चुपके करीब एक महीने पहले सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में शादी भी कर ली थी। शादी के बाद दोनों अपने-अपने घर रहने लगे।

घरवालों को मंजूर ना था रिश्ता

जब इसकी सूचना लड़की के परिजन को लगी तो दोनों को दूर करने लगे। फिर दोनों एक दिन घर छोड़कर निकल गए। इसे लेकर लड़की के पिता ने श्यामपुर भटहा थाने में एक आवेदन देकर सूरज कुमार पर अपनी बेटी को भगाने का आरोप लगाया था। जिसके बाद थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने मामले की पड़ताल की। जिसमें पता चला कि दोनों युवक-युवती बालिग हैं। और दोनों ने पहले से ही शादी कर ली है। फिर दोनों की थाने में ही शादी करवा दी गई।

वर्दी वाले बने बाराती

इससे पहले थानाध्यक्ष ने दोनों से पूछताछ की। जिसके बाद पहाड़पुर पैक्स अध्यक्ष रविन्द्र कुमार सिंह प्रमुख और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मिलकर वधू पक्ष और वर पक्ष के लोगों में आपसी सहमति कराई और पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ बुधवार को थाना परिसर में शादी कराई। इस दौरान लड़की पक्ष से थानाध्यक्ष पूरी तरह से मुस्तैद दिखे और लड़का पक्ष से स्थानीय प्रमुख ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

दोनों ने 25 दिन पहले ही सीतामढ़ी में शादी कर ली थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading