डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव शुक्रवार को आरा पहुंचे। पहुंचने के बाद सर्किट हाउस से आरा समाहरणालय की ओर जा रहे थे, तभी शिक्षक अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा कर दिया। सर्किट हाउस के गेट के पास ही अभ्यर्थियों ने तेजस्वी की गाड़ी को रोक दिया। उसके बाद जमकर बवाल खड़ा कर दिया।

गुस्साए अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी अभ्यर्थियों को तेजस्वी की गाड़ी से अलग किया। इसके बाद वो कार्यक्रम के लिए समाहरणालय पहुंचे।

सातवें चरण की बहाली के लिए विज्ञप्ति जारी करने की मांग
दरअसल डिप्टी सीएम तेजस्वी आरा समाहरणालय में डीएम, एसपी और अन्य अधिकारियों के साथ मीटिंग करने के लिए पहुंचे थे। इसके बाद वो कोईलवर के मानसिक आरोग्यशाला का जायजा लेने जाने वाले हैं। लेकिन सर्किट हाउस से निकलने के दौरान ही CTET-BTET अभ्यर्थी सर्किट हाउस के गेट पर पहुंच गए। जैसे ही तेजस्वी बाहर निकले, सभी ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि 40 महीने से नोटिफिकेशन नहीं आया है। ना ही सातवां चरण पूरा हो पाया है। उन्होंने तेजस्वी यादव से कहा कि जल्द से जल्द सातवें चरण की बहाली के लिए विज्ञप्ति जारी करें। इस दौरान तेजस्वी की सुरक्षा में लगे गार्ड ने मीडियाकर्मियों के साथ भी जबरदस्ती की।

मीडियाकर्मियों के साथ भी हुई बदसुलूकी
दूसरी तरफ आरा समाहरणालय में तेजस्वी यादव के समर्थकों और गार्ड के द्वारा जिले के मीडियाकर्मियों के साथ भी बदसुलूकी की गई। मीटिंग खत्म कर निकल रहे तेजस्वी से मीडियाकर्मी जब सवाल पूछ रहे थे, उसी दौरान उनके समर्थकों और गार्ड के द्वारा धक्का-मुक्की कर दिया गया। इसके बाद मीडियाकर्मियों ने इस व्यवहार का विरोध किया। बाद में एसपी और डीएसपी के द्वारा मामले को काबू किया गया।




