शेखपुरा जिले के शेखपुरा – लखीसराय मुख्य सड़क मार्ग पर कैथवा मोड के समीप एक बाईक दुर्घटना में बाईक पर सवार एक 40 वर्षीय महिला रेखा देवी सहित बाईक चला रहे 22 वर्षीय युवक सोनू कुमार की मौत हो गई। जबकि बाईक पर बैठा मृत महिला का 45 वर्षीय पति सतीश प्रसाद मामूली रूप से घायल हो गया।

मृत महिला लखीसराय जिले के किऊल थाना क्षेत्र अंतर्गत लखमोहना गांव निवासी सतीश प्रसाद की पत्नी बताई गई है।जबकि दूसरा मृत युवक उसी गांव के कटिमन यादव का पुत्र बताया गया है। सूत्रों ने बताया कि मृतका का पति लखीसराय जिला मुख्यालय स्थित उत्पाद विभाग के कार्यालय में होमगार्ड जवान के रूप में पदस्थापित है।

गुरुवार की देर शाम घर में मृतका के पति सतीश प्रसाद , 45 वर्ष को बिसैले सर्प ने डंस लिया। सर्प डंसने के बाद अपने पति को एक बाईक पर साथ लेकर शेखपुरा शहर आ रही थी। तभी कैथवा मोड के समीप बाइक चला रहा युवक संतुलन खो बैठा। जिसमे बाईक पर सवार तीनो लोग घायल हो गए।

घटना में घायल तीनो लोगों को इलाज हेतु शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।जहां चिकित्सक द्वारा महिला को मृत घोषित कर दिया गया। घायल युवक और उसके पति का इलाज चल रहा है। पति की हालत में सुधार आने की बात कही गई है।

जबकि घटना में घायल युवक सोनू की मौत शुक्रवार को इलाज के दौरान हो गई।इस बाबत सिरारी ओपी अध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक महेश सिंह ने बताया कि दोनो मृतक की लाश को आज जब्त कर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया गया।




