शादी के 4 घंटे के बाद स्टेशन से दुल्हन फरार:राजस्थान के परिवार ने डेढ़ लाख में रीवा में तय किया था रिश्ता

राजस्थान के सीकर जिले से रीवा में शादी करने आया परिवार डेढ़ लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गया। पीड़ित परिवार का दावा है कि रीवा रेलवे स्टेशन से दुल्हन चकमा देकर फरार हो गई। मंदिर में शादी कराने के बाद लड़की के माता-पिता और पंडित सहित बिचौलिया भी नहीं मिल रहे हैं। सभी के मोबाइल भी बंद हैं।

रीवा के मंदिर में पूरी रस्मों के साथ शादी हुई। इसके 4 घंटे बाद दुल्हन फरार हो गई।

लड़के वालों ने बताया, हमें सिर्फ लड़की का नाम और फोन नंबर पता है। शादी किस मंदिर में हुई यह भी नहीं पता है। लड़की का नाम शिवानी है। उसकी मां असली थी, क्योंकि दोनों के चेहरे एक जैसे थे। बाकी सब फर्जी समझ में आ रहे थे। फिलहाल चोरहटा पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर संबंधित थानों में मंदिर व लड़की की फोटो भिजवाई है। जिससे कि घटनास्थल का पता कर FIR की जा सके।

ऐसे शुरू हुई शादी की बात
राजस्थान की महिला के भाई कैलाश चन्द्र वर्मा की शादी नहीं हो रही थी। करीब 6 महीने पहले महिला की दोस्ती रीवा के युवक से हुई। वह बहना-बहना कहकर महिला के घर वालों से भी घुल मिल गया। एक दिन महिला ने कहा कि सब कुछ अच्छा है, लेकिन मेरे भाई की शादी नहीं हो रही है। अगर आपके रीवा तरफ कोई लड़की हो तो शादी करा दो। यहीं से युवक ने ठगी का प्लान बनाया।

मंदिर में तय हुआ शादी करना
युवक ने महिला को 5 लड़कियों को फोटो दिखाई। जब एक लड़की को महिला ने पसंद कर लिया तो युवक ने कहा कि लड़की गरीब परिवार की है। लड़की का नाम शिवानी बताया। उसने कहा, डेढ़ लाख रुपए लगेंगे। महिला राजी हो गई। उसने अपने भाई और परिवार को पूरी बात बताई। 7 सितंबर को शादी की तारीख तय हो गई। राजस्थानी परिवार ने कहा कि शादी लड़की के घर से हो, लेकिन बिचौलिए ने कहा कि लड़की के परिवार वाले शादी के खिलाफ है। ऐसे में मंदिर में शादी हो जाएगी। आप लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

रेलवे स्टेशन पर दुल्हन चकमा देकर भागी
शादी से पहले बिचौलिए ने डेढ़ लाख रुपए की रकम नकद ली और कहा कि लड़की के घरवाले भी शादी के लिए तैयार हो गए हैं। इसके बाद लड़की के माता-पिता पंडित लेकर मंदिर में पहुंचे। दोपहर में शादी संपन्न होने के बाद विदाई हो गई। शाम को एक ही ऑटो में दूल्हा, दुल्हन, दुल्हे का जीजा और दीदी अपने साथ दुल्हन की मां को लेकर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। दुल्हन की मां बस स्टैंड पर उतर गई। इसके बाद दुल्हन रेलवे स्टेशन से चकमा देकर भाग गई।

किस मंदिर में शादी ये भी नहीं पता
ठगी का शिकार परिवार 7 सितंबर की शाम दुल्हन की रिपार्ट दर्ज कराने चोरहटा थाने पहुंचा। थाने में बताया कि हम राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले है। 7 सितंबर को कैलाश चन्द्र वर्मा की शादी कराने रीवा आए थे। हिन्दू रीति रिवाज से रीवा जिले में नहर के किनारे एक मंदिर में शादी हुई। लेकिन रेलवे स्टेशन से दुल्हन फरार हो गई। साथ ही पीड़ित परिवार ने ये भी बताया कि वो मंदिर कहां है इस बात की जानकारी हमें नहीं है।

FIR के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार
पीड़ित परिवार घटना के बाद जीआरपी थाने रिपार्ट दर्ज कराने पहुंचे। इसके बाद 8 सितंबर को चोरहटा थाने गए। लेकिन घटनास्थल गुढ क्षेत्र और गोविंदगढ़ प्रतीत होने पर FIR दर्ज नहीं की गई है। साइबर सेल से मदद ली जा रही है। फिलहाल इस मामले की कहीं रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading