लालू-तेजस्वी को फिर से जगदानंद सिंह पर ही भरोसा, बने रहेंगे RJD के प्रदेश अध्यक्ष

पटना. RJD में फिलहाल सांगठनिक चुनाव का दौर चल रहा है. पार्टी के जिलाध्यक्षों के चुनाव की औपचारिकतायें पूरी कर ली गई हैं और सोमवार को RJD के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन होना है. इस पद के लिए सिर्फ मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह का ही चुना जाना तय है क्योंकि वो ही एकमात्र नामांकन करेंगे. दरअसल लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने जगदानंद सिंह को ही प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बनाये रखने का फैसला लिया है.

जगदानंद सिंह ने प्रशांत किशोर के राजनीति में एंट्री को लेकर जबरदस्त हमला  बोला, कहा वह एक व्यापारी हैं

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन

इस चुनाव के लिए कई नामों की चर्चा बीते कई दिनों जोरों पर थी. माना जा रहा था कि इस बार किसी अति पिछड़े को लालू प्रसाद यादव प्रदेश अध्यक्ष बना सकते हैं. वैसे कहा यह भी भी जा रहा था कि लालू प्रसाद एक बार फिर अल्पसंख्यक या सवर्ण को इस पद पर बैठा सकते हैं और अब हुआ वही. लालू यादव ने अपने पुराने साथी जगदानंद सिंह को ही प्रदेश अध्यक्ष की पुनः कमान सौंपने का निर्णय लिया. अंदरखाने से मिल रही जानकारी के अनुसार तेजस्वी प्रसाद यादव भी चाहते थे कि जगदानंद सिंह को दूसरा कार्यकाल मिले लेकिन अंतिम फैसला लालू प्रसाद को ही लेना था सो उन्होंने फैसला ले लिया.

जगदानंद सिंह बोले

जगदानंद सिंह कहते हैं कि मेरा मन नहीं थका है लेकिन शरीर थका हुआ है. उन्होंने यह बात प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के संदर्भ में पूछे गये सवाल के संदर्भ में कही. हालांकि उन्होंने साफ साफ शब्दों में यह भी कहा कि मैंने कभी कमान नहीं मांगी और ना ही मैं किसी कमान से भागता हूं. हमारे नेता का जो निर्णय हुआ है उसे मैं पूरा करूंगा. जगदानंद सिंह ने अंत में यह भी कहा कि संगठन चलाना कठिन काम है. मैं यह काम तीन सालों से कर रहा हूं और अब आगे भी करता रहूंगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.