मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्ष डीएम प्रणव कुमार ने की। इस दौरान जिले में अलग-अलग विभागों द्वारा चलाए जा रहे विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा की गई।
इस बैठक में पथ प्रमंडल, विद्युत प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, पुल निर्माण निगम, बुडको, राष्ट्रीय उच्च पथ के पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान डीएम प्रणव कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि निविदा व अन्य प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरा करते हुए अविलंब ससमय गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करें।
साथ ही जिला-भू-अर्जन पदाधिकारी को जमीन अधिग्रहण, लीज मुआवजा राशि के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार विद्युत विभाग को शहर में ट्रांसफॉर्मर, पोल स्थानांतरित करने, मोतीपुर-बरूराज पथ, राजेपुर-करचैलिया पथ, मीनापुर-टेंगराहा पथ में लंबित मौजा में भू-अर्जन की कार्रवाई को तेजी से करने पर जोर दिया।
इसके अलावा पानी टंकी चौक-मिठनपुरा चौक मुख्य सड़क में नाला सफाई, मरम्मत कार्य व अतिक्रमण मुक्त करने, अखाड़ाघाट-जीरोमाइल सड़क चौड़ीकरण व मजबूती से तेजी से कार्य कराने को कहा गया।
शहर से जल निकासी हेतु मिठनपुरा में नाला निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है पर कहीं-कहीं जमीन नापी के कारण योजना कार्यशील नहीं हो पाया है। वहीं बुडको को समन्वय स्थापति करके कार्य कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बुडको द्वारा सिकंदरपुर मणिका में नाला बनाना, खबड़ा से फरदो तक एसटीपी का कार्य पूरा कराने पर जोर दिया गया।
जबकि सकरी-रामदयालु के बीच सड़क निर्माण कई स्थानों पर नहीं किया गया है। छूटे हुए रकबा का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।
स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि कब्रिस्तान घेराबंदी की योजनाओं को अविलंब निविदा प्रक्रिया पूर्ण करते हुए कार्य शुरू करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर डीडीसी आशुतोष द्विवेदी, सहायक समाहर्ता सारा असरफ, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी, पश्चिमी, जिला योजना पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
