18 सितंबर से टन के हिसाब से बिकेगा बालू-गिट्टी, ट्रक ओनर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित

मुजफ्फरपुर: बालू-गिट्टी कारोबार से जुड़े ट्रक मालिकों के हितों और कारोबार में पारदर्शिता को लेकर मुजफ्फरपुर बालू, गिट्टी ट्रक ओनर एसोसिएशन ने नई कार्यकारिणी का गठन किया है। बुधवार को बैरिया स्थित एक निजी होटल में आयोजित बैठक के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ बालू-गिट्टी की खरीद-बिक्री से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 18 सितंबर से बालू और गिट्टी की बिक्री टन के हिसाब से की जाएगी।

एसोसिएशन के मुताबिक, खदान से ट्रक मालिकों को बालू टन के आधार पर प्राप्त होता है, लेकिन परिवहन के दौरान होने वाले सिंकेज के कारण गंतव्य तक पहुंचते-पहुंचते मात्रा में कमी आती है। इससे ट्रक मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। संगठन ने इसी समस्या को देखते हुए बिक्री की प्रक्रिया में बदलाव का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत ग्राहकों को भी बालू और गिट्टी टन के हिसाब से ही उपलब्ध कराया जाएगा।

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विजय पाण्डेय ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य खरीददार और विक्रेता, दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए कारोबार में पारदर्शिता कायम करना है। उन्होंने कहा कि टन के आधार पर खरीद-बिक्री होने से माल की मात्रा को लेकर होने वाली विसंगतियों को कम करने में मदद मिलेगी। संगठन के निर्णय का पालन नहीं करने वाले ट्रक मालिकों के लिए दंड का प्रावधान भी तय किया गया है।

नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

बैठक में विजय पाण्डेय को जिला अध्यक्ष, ब्रजमोहन कुमार सिंह (वकील साहब) को महासचिव, रामपुकार राय को कोषाध्यक्ष तथा राधे रमण कुमार (मुकुल जी) को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा अमरेंद्र कुमार यादव, राजन कुमार और आनंद मोहन सिंह समेत अन्य सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया।

संरक्षक मंडल में 11 सदस्य

एसोसिएशन के संरक्षक मंडल में दीपक चौबे, सोना ठाकुर, गुड्डू सिंह, नरेंद्र मिश्रा, दीपक यादव, मिंटू सिंह, जितेंद्र कुमार अकेला, जितेंद्र तिवारी, विकास कुमार, गौतम कुणाल और नीरज सिंह को शामिल किया गया है।

 मड़वन बालू मंडी की कमिटी का भी गठन

बैठक के दौरान मड़वन बालू मंडी की कमिटी के गठन की जानकारी भी दी गई। पप्पू कुमार को मंडी अध्यक्ष और श्याम राय को सचिव बनाया गया है। वहीं विनोद सहनी और प्रमोद राय को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। राकेश यादव, अरविंद कुमार, अरुण सहनी और गौतम कुमार को मंडी के संरक्षक मंडल में शामिल किया गया है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य बालू-गिट्टी के कारोबार में होने वाले नुकसान को कम करना, खरीद-बिक्री की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना और ट्रक मालिकों के हितों की रक्षा करना है।

बैठक में मड़वन और रामदयालु बालू मंडी की कमिटी के चुनाव को लेकर ट्रक मालिकों से सहमति लेने सहित अन्य संगठनात्मक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading