भोजपुर. ‘ऊपर वाला जब देता है, तो छप्पर फाड़ के’, यह कहावत चरितार्थ हुई बिहार के भोजपुर निवासी सौरभ के घर में. सौरभ इसलिए चर्चा में हैं क्योंकि किस्मत इतनी मेहरबान थी कि वह रातों-रात करोड़पति बन गया. हुआ यह कि भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट मैच में भले ही भारतीय टीम के नसीब में हार आई, लेकिन सौरभ की टीम जीत गई.

दरअसल, ज़िले के चरपोखरी प्रखंड के ठकुरी गांव के रहने वाले युवक सौरभ कुमार ड्रीम 11 पर टीम बनाकर विजेता बने हैं. अच्छी खासी रकम उनके खाते में आ गई, तो परिवार, रिश्तेदार किसी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.ड्रीम 11 मोबाइल ऐप के ज़रिये सौरभ के खाते में 70 लाख रुपये आ गए. इसके बाद सौरभ पूरे भोजपुर भर में चर्चित हो गए.

ठकुरी गांव के वेंकेटेश सिंह के पुत्र सौरभ कुमार ने बताया कि पिछले साल से ड्रीम 11 पर टीम बनाकर वह जीत का प्रयास करते आ रहे थे. इसी बीच मंगलवार देर रात ड्रीम 11 पर सौरभ द्वारा बनाई गई टीम विजेता हो गई. सौरभ पूरे देश में ड्रीम 11 पर जीतकर 1 करोड़ रुपये के हकदार बन गए. इसके बाद से तो उनके पास बधाइयों का तांता लगा हुआ है.

हार्दिक ने किया कमाल, इंडिया हारी पर सौरभ जीते
सौरभ से जब ड्रीम 11 पर टीम को लेकर बात की गई तो उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया और भारत के मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मिलाकर प्लेइंग 11 की उन्होंने अपनी टीम बनाई थी. इस टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या थे, जिन्होंने 30 गेंद पर 71 की शानदार पारी खेली थी. पंड्या की पारी का फायदा भारतीय टीम को तो नहीं मिला, लेकिन भोजपुर के सौरभ को भरपूर मिला. सौरभ ने कहा कि वह आगे भी इस तरह खेलना जारी रखेंगे.

असल में, इस तरह के कॉन्टेस्ट इन दिनों काफी प्रचलित हो रहे हैं. मशहूर टीवी गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी टीवी शो के साथ ही आप मोबाइल के ज़रिये प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं. इसी तरह, क्रिकेट मैचों के दौरान प्ले अलॉन्ग प्रतियोगिताओं के नाम पर ही इस तरह के ऐप्स हैं, जो अच्छी रकम जीतने का अवसर देने का दावा करते हैं.




