भोजपुर. बिहार के भोजपुर वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. जल्दी ही जो लोग जमीन की खरीद-बिक्री करने के लिए रजिस्ट्री ऑफिस किराए के वाहन से पहुंचते हैं, उनके लिए निबंधन विभाग बस की व्यवस्था करेगा. इसके लिए कोई शुल्क भी नहीं लिया जाएगा. यही नहीं, निबंधन विभाग रजिस्ट्री करने वाले लोगों को न सिर्फ फ्री में घर से लाएगा बल्कि वापस घर भी पहुंचाएगा.

बता दें कि भोजपुर जिले में सात बसें चलेंगी. इनमें से तीन बस आरा निबंधन कार्यालय के लिए, तो दो-दो बस जगदीशपुर और पीरो निबंधन कार्यालय के लिए होंगी. इसके बाद भी अगर बसों की संख्या बढ़ाने की जरूरत हुई तो अवर निबंधक फैसला ले सकते हैं. इस नई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी प्रमंडल निबंधन महानिरीक्षक शहबाज आलम को सौंपी गई है. इस संबंध में भोजपुर जिलाधिकारी राज कुमार ने बताया कि सभी प्रकार की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है. बहुत जल्द बसों का परिचालन किया जाएगा. जानकारी के अनुसार, भोजपुर जिले में आरा, पीरो और जगदीशपुर निबंधन कार्यालय से प्रति दिन लगभग दो करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व निबंधन विभाग को प्राप्त होता है.

अपॉइंटमेंट स्लिप ही होगी टिकट
बहरहाल, जो व्यक्ति जमीन की खरीद और बिक्री करने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेंगे, उनको और उनके साथ पहचान कर्ता को भी यह सुविधा मिलेगी. बस में आने-जाने के दौरान तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर को अपॉइंटमेंट स्लिप दिखानी होगी, जिसे टिकट माना जाएगा. इसके अलावा उस बस में अन्य किसी व्यक्ति को बैठने की इजाजत नहीं होगी.

यहां से होगा आगाज, लोगों ने पूछा ये सवाल
प्रारंभिक चरण में आरा निबंधन कार्यालय से संदेश, बड़हरा और कोईलवर प्रखंड से बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा. इसी तरह पीरो में तरारी और अगियांव, तो जगदीशपुर में शाहपुर- बिहिया से बस परिचालन की व्यवस्था शुरू की जाएगी. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि बसों में जो लोग सफर करेंगे उनके पास मोटी रकम होगी. ऐसे में क्या जिला प्रशासन उन्हें सुरक्षा प्रदान करेगा या नहीं.





