बगहा: बिहार के बगहा में एक युवक को चाकू गोदकर घायल करने का मामला सामने आया है. रामनगर थाना के नरैनापुर मोहल्ले में मंगलवार की देर रात घर के बाहर टहल रहे युवक को मोहल्ले के ही एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया. जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. रामनगर उप स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जीएमसीएच रेफर कर दिया गया है.

हमले में युवक हुआ लहूलुहान
परिजनों के मुताबिक वार्ड नंबर 6 निवासी मैनुद्दीन अंसारी का पुत्र फैयाज अंसारी मंगलवार की देर रात्रि खाना खाकर सड़क पर टहल रहा था. इसी दौरान एक युवक हत्या करने की नीयत से फैयाज पर तबाड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. युवक फैयाज पर लगातार चाकू से वार करता रहा. जिससे वह लहूलुहान हो गया. जिसके बाद हमलावर छोड़कर भाग निकला.
युवक की स्थिति नाजुक
इधर आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. इसकी सूचना परिजनों को दी गई. परिजनों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया. हमलावर की पहचान इसी मुहल्ले के लड्डू चौधरी के रूप में हुई है. डॉक्टर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि घायल युवक के ऊपर चार बार चाकू से वार किया गया है. जिसमें तीन वार पीठ पर जबकि 1 सिर पर लगा हुआ है. युवक का प्राथमिक उपचार करने के बाद स्थिति नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.



