मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग नकुलवा चौक इलाके में गुरुवार की शाम रिक्शा पर अचेत हालत में मिली युवती को पुलिस ने श्रीकृष्ण मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया था । होश आने के बाद युवती एसकेएमसीएच से लापता हो गई । वह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली बताई जा रही है। शुक्रवार को युवती का बयान दर्ज करने के लिए जब पुलिस पहुंची तो वह बेड से गायब मिली । इसके बाद महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मिठनपुरा थाने की पुलिस एसकेएमसीएच पहुंचकर लापता युवती का पता लगाने को खाक छानती रही, लेकिन वह नहीं मिली ।
जानकारी मिलने के बाद नगर डीएसपी राघव दयाल ने लापरवाही पर तलब करते हुए पूछा कि आखिर क्यों नहीं युवती की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी की डयूटी लगाई गई थी। उन्होंने मेडिकल ओपीध्यक्ष को एसकेएमसीएच में लगे सीसी कैमरे को खंगालने का निर्देश दिया है । पुलिस का कहना है कि सीसी कैमरे को खंगालने की कवायद चल रही है। बता दें कि गुरुवार की शाम नकुलवा चौक के समीप अचेत हालत में युवती को देख स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई थी ।
लोगों द्वारा युवती के साथ गलत काम किए जाने की आशंका जताई जा रही थी । सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच युवती को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया था । मामले में पुलिस ने रिक्शा चालक को हिरासत में लिया था । पूछताछ में उसने बताया कि युवती रिक्शा पर चतुर्भुज स्थान से सटे कालीबारी रोड में बैठी थी । रिक्शा पर बैठने के दौरान ही वह नशे में थी । युवती द्वारा रामबाग मुहल्ले में जाने की बात कही गई । इसके बाद रिक्शा चालक उसे लेकर रामबाग नकुलवा चौक के समीप पहुंचा, लेकिन युवती अचेत हो गई।




