मुज़फ्फरपुर. 22 कैरेट सोना 4950 रुपये प्रति ग्राम, 24 कैरेट सोना 5300 रुपए प्रति ग्राम का रेट है. जानकारों के मुताबिक धनतेरस तक इन कीमतों में उतार-चढ़ाव संभव है. इस साल धनतेरस का त्योहार खास होने वाला है. अगर आपका बजट कम भी है, तो भी आप खास तौर से मंगवाई गई ज्वेलरी की शॉपिंग कर दीवाली को खास बना सकते हैं. इस बार मुज़फ्फरपुर में आपको दुबई और तुर्की से खास मंगवाई गई लाइट वेट ज्वेलरी मार्केट में मिलेगी, जिसका दाम भी काफी कम है.
सर्राफा मंडी के महामंत्री विश्वजीत कुमार के मुताबिक दुबई और तुर्की से आए ये गहने काफ़ी आकर्षक हैं. मात्र 8 ग्राम से 10 ग्राम में सोने का हार मिल रहा है. आमतौर पर सोने का हार 30 ग्राम से कम नहीं होता. सामान्य हार की कीमत डेढ़ लाख से शुरू होती है. इस हार की कीमत मात्र 45 हज़ार से शुरू है. दुबई वाला हार 10 ग्राम के वज़न में 50 से 60 हज़ार के बीच उपलब्ध है. सर्राफा मंडी के ज्योति ज्वेलर्स के सत्य नारायण प्रसाद ने बताया सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों के कारण लोगों का रुझान लाइट वेट गहनों की तरफ है.

प्लेटिनम के गहनों की भी बड़ी रेंज
मुज़फ्फरपर के लोग हर तरह के गहनों की खरीदारी करते हैं. आजकल प्लेटिनम के गहने भी यहां पसंद किए जा रहे हैं. आशीष गुप्ता के अनुसार चांदी के विक्टोरिया सिक्के का भाव पिछले साल की तुलना में 100 रुपया कम गया. इस बार ये सिक्के 900 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बाज़ार में हैं. गुप्ता ने अपने प्रतिष्ठान रघुनाथ प्रसाद एंड रंधीर कुमार ज्वेलर्स में चांदी के नोट भी रखे हैं.
असल में धनतेरस पर ग्राहकों की पसंद के हिसाब से रेंज और वैरायटी रखी गई है. एक और ज्वेलर प्रेम कुमार सोनी ने बताया कि सोना मंहगा होने के कारण बड़ी आबादी चांदी की खरीदारी करती है. चांदी के आइटम में लक्ष्मी-गणेश की छवि वाले सिक्कों की धनतेरस पर काफी डिमांड रहती है.



