मुजफ्फरपुर। जिले में जाति आधारित गणना की तैयारी तेज हो गई है। इसके तहत डीएम प्रणव कुमार ने 11 कोषांगों का गठन कर दिया है। प्रत्येक कोषांग में वरीय पदाधिकारी के साथ नोडल अधिकारी व सहायक को शामिल करते हुए उनकी जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
जारी आदेश में डीएम ने कहा है कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के आलोक में जाति आधारित गणना दो चरणों में पूरा किया जाना है। पहले चरण में मकानों की सूची तैयार करना, गणना क्षेत्र एवं गृह संख्या का निर्धारण करना एवं संक्षिप्त गृह पंजी तैयार किया जाना है।
इसके अगले चरण में चार्ज लिस्ट तैयार होगी। इसके अलावा प्रगणक द्वारा आंकड़ों का मोबाइल एप और अनुसूची के माध्यम से संकलन का कार्य किया जाएगा।
चार्ज अधिकारी, एसडीओ और डीएम के स्तर से पोर्टल पर सभी आंकड़ों का अवलोकन करते हुए उसे संपुष्ट किया जाएगा। डीएम ने कहा कि उक्त दोनों चरणों के संपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक कराए जाने को लेकर कोषांग का गठन किया जा रहा है।





