बेगूसराय. बिहार के बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने एक चिमनी मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी. इस हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं घटनास्थल पर पुलिस पहुंच मामले की छानबीन में जुटी है. घटना मंसूरचक थाना क्षेत्र के बाजोपुर गांव की है. अपराधियों ने चिमनी भट्ठा पर ही सोए अवस्था में गोली मारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया.
परिजनों ने बताया कि बाजोपुर गांव निवासी 45 वर्षीय राजेश झा उर्फ मनोज झा अपने चिमनी पर सोये हुए थे, तभी देर रात कमरे के दरवाजे पर सोए अवस्था में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना की जानकारी बुधवार की सुबह हुई जब लोग चिमनी भट्ठा पर पहुंचे तो देखा कि राजेश झा का बिछावन पर शव पड़ा हुआ था. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग चिमनी भट्टा पर पहुंचे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही मंसूरचक थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है, हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि मनोज झा की हत्या किसने और क्यों की है लेकिन जिस तरीके से चिमनी मालिक की हत्या अपराधियों के द्वारा की गई है, इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है.
बताया जाता है चिमनी भट्ठा पर चिमनी के कर्मचारी रहते थे लेकिन घटना के बाद से दहशत की वजह से सामने नहीं आ रहे हैं. फिलहाल मंसूरचक थाना पुलिस मौके पर पहुंच सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, वहीं इस हत्या के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी एक बड़ा सवाल उठने लगा है.



