भागलपुर: लोगों के जीवन में आए दिन हादसे होते रहते हैं. कई हादसों के बाद लोग अपने काम करने का तरीके ही बदल देते हैं. इसकी जानकारी फैलने के बाद वही तरीका दूसरों को आश्चर्यजनक लगने लगता है. भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल के जगतपुर गांव के अंकित भी ऐसे ही युवक हैं. वर्षों पूर्व नारियल छिलने के दौरान दबिया से उनके हाथ की अंगुली क्या कट गई, उन्होंने नारियल छिलने का तरीका ही बदल दिया. वे अब महज 20-22 सेकंड में ही बिना किसी परेशानी के अपने दांतों से सूखे नारियल को छील देते हैं. उनका कारनामा देख लोग दातों तले अंगुली दबा लेते हैं.

महज कुछ ही सेकंड में अपने दांतों से पूरा नारियल छील देने की जानकारी के बाद अंकित के दावों का टेस्ट लिया गया. जिसमें वे खरे उतरे. 20 सेकंड में पूरा नारियल छीलकर अंकित बैठ गए. अंकित ग्रेजुएशन पूरा कर अब सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं. वे कहते हैं कि जो कोई भी उनका कारनामा सुनते और देखते हैं, वाहवाही देते हैं. लेकिन उनकी मां चिंतित रहती है. कहती हैं कि नारियल छीलने के दौरान अगर दांत टूट गए, तो यह करतब भी कहीं हादसा न बन जाए. हालांकि उन्हें इस हुनर को कहीं बाहर दिखाने का अभी मौका नहीं मिला है.
छोटे से हादसे के बाद बदल दिया नारियल छीलने का तरीका
अंकित ने कहा कि वे पिछले 5 वर्षों से दांतों से नारियल को छीलते आ रहे हैं. दांतों से ही क्यों नारियल छीलते हैं, इस सवाल पर अंकित ने बड़ा रोचक किस्सा सुनाया. वे कहते हैं कि 5 साल पहले एक बार नारियल छीलने के दौरान दबिया से उनके हाथ की अंगुली कट गई थी. इस घटना के बाद उनके मन में ख्याल आया कि क्यों न दांतों से ही नारियल को छील लिया जाए. इसके बाद से लगातार कोशिश करने के बाद दांत से ही नारियल को छील लेने लगे. हालांकि शुरुआत में काफी दिक्कत हुई. लेकिन बाद में दांत से नारियल छीलने में मजा आने लगा. अब वे हमेशा दांत से ही नारियल छील लेते हैं.




