गोपालगंज: यदि आप परदेश में रहते हैं और इस कारण से आपने अबतक अपना आयुष्मान भारत कार्ड नहीं बनवाया है, तो यह खबर आपके काम की है. छठ पर्व पर अपने गांव आने के बाद इस काम को जरूर कर लें. इसके अलावा वैसे लोग भी कार्ड बनवा सकते हैं, जिन्होंने अबतक अपना कार्ड नहीं बनवाया है. कार्ड बन जाने से आपको ही बीमार होने की स्थिति में फायदा होगा. 5 लाख तक का इलाज आप किसी भी सरकारी और सूचीबद्ध प्राइवेट अस्पताल में करवा सकते हैं. स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है. आप भी सजग होकर अपना कार्ड बनवा ही लें. लाभुकों का कार्ड बनवाने के लिए अभियान चलाने को बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के उपसचिव सह प्रशासी पदाधिकारी अमिताभ सिंह ने पत्र भी जारी किया है.
![2022] प्रधानमंत्री जन आरोग्य अभियान , विशेषताएं, लाभ एवं आवेदन](https://www.graduationcourse.in/wp-content/uploads/2021/07/PM-Jan-Arogya-Yojana-Registration.jpg)
9 नंवबर तक चलेगा विशेष अभियान
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि छठ पर्व मनाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रवासी लोग बिहार आते हैं. हफ्ता-15 दिन रहने के बाद वे वापस लौट जाते हैं. ऐसे में आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने के लिहाज से छठ पर्व को स्वास्थ्य विभाग एक बड़ा अवसर मान रहा है. इस दौरान बड़े पैमाने पर लोगों को जागरूक कर आयुष्मान भारत कार्ड बनवाया जा सकता है. यह अभियान 26 अक्टूबर से ही शुरू है, जो 9 नंवबर तक जिले के सभी प्रखंडों में विशेष रूप से चलाया जायेगा.
कार्ड बनवाने को गांव-गांव में किया जा रहा प्रचार
अभियान के तहत सभी सूचीबद्ध अस्पतालों में फ्लैक्स-बैनर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है. साथ ही पंचायतों में वाहन के माध्यम से माइकिंग कराकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है. मालूम हो कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत बनाया जाने वाला आयुष्मान कार्ड गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले लोगों के लिए संजीवनी का काम करता है. आयुष्मान कार्ड के लाभार्थी 5 लाख तक के निःशुल्क इलाज का लाभ अपने जिले के अस्पतालों के साथ-साथ राज्य तथा राज्य के बाहर के अस्पतालों में पा रहे हैं. इस योजना का उद्देश्य गरीब लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करना और बीमारी के कारण होने वाले मृत्यु के आंकड़ों को कम करना है.
ऐसे चेक करें कार्ड बनवाने की अपनी पात्रता
अगर आप आयुष्मान कार्ड बनवाना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको पहले इसके आधिकारिक पोर्टल https://pmjay.gov.in/ पर जाना होगा. फिर यहां पर आपको ‘Am I Eligible’ के विकल्प पर क्लिक करना है. फिर अपने मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज करना है. अब आपको यहां पर दो ऑप्शन मिलेगा. पहले ऑप्शन में अपना राज्य चुनना है और दूसरे में मोबाइल नंबर और राशन कार्ड नबंर दर्ज कर सर्च करना है. इसके बाद आपको पता चल जाएगा कि आप कार्ड बनवाने को पात्र हैं या नहीं.




