‘हिम्मत है तो सामने से सीने पर वार कीजिए’, नीतीश कुमार के बयान से आहत हुए चिराग पासवान

गोपालगंज. ‘मुख्यमंत्री जी हिम्मत है तो आप सामने से सीने पर वार कीजिए, पीठ पीछे आपको वार करना शोभा नहीं देता’ यह बात लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और सांसद चिराग पासवान ने कही. चिराग पासवान मंगलवार को गोपालगंज के जादोपुर में एनडीए द्वारा आयोजित चुनावी सभा में बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी के पक्ष में प्रचार कर रहे थे.चिराग पासवान ने गोपालगंज चुनावी सभा में सीएम नीतीश कुमार पर जमकर भड़ास निकाली. चिराग ने कहा, ”नीतीश कुमार जी आपको जितनी बार मेरे ऊपर वार करना है, मैं सीना तान कर आप सामने खड़ा हूं. आप मेरे सीने पर वार कीजिए.” चिराग ने आगे कहा, ”मैंने कभी भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ व्यक्तिगत वार नहीं किया. जब भी मिले उनके पांव छूकर प्रणाम किया. लेकिन, उन्होंने मेरे पिता के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया.आप मुझे क्या-क्या बोलते हैं पीठ पीछे अब यह किसी से छिपा नहीं है.”बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा रामविलास पासवान की ‘दूसरी शादी’ का जिक्र करने पर दिवंगत नेता के बेटे और राजनीतिक उत्तराधिकारी चिराग पासवान ने नाराजगी जताई. मालूम हो कि मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों चिराग पासवान के बारे में कहा था कि वह अभी ‘बच्चा’ है. उनके दिवंगत पिता के बारे में टिप्पणी की थी कि उन्होंने दिल्ली जाकर दूसरी शादी की थी. जमुई के युवा सांसद ने कहा कि मेरे पिता की मृत्यु के बाद उनके बारे में व्यक्तिगत टिप्पणी करना गलत है.

अपने 30 मिनट के भाषण में चिराग पासवान सीएम नीतीश के खिलाफ भड़ास निकालते रहे. बता दें कि मंगलवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था. चिराग पासवान के साथ बिहार की पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी, महाराजगंज के जर्नादन सिंह सिग्रीवाल भी मौजूद रहे. इस दौरान सभी नेताओं ने महागठबंधन पर जमकर प्रहार किया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading