पश्चिम चंपारण में प्रशांत किशोर ने राजद पर साधा निशाना,राजद पर अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण का लगाया आरोप

पश्चिम चंपारण। राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने राजद पर अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आपको इनलोगों ने बंधुआ मजदूर बना लिया है। आप अपने बच्चों के भविष्य की चिंता किए बगैर एक ही पार्टी के लिए वोट कर रहे हैं।

पश्‍चिम चंपारण में प्रशांत किशोर ने राजद को टारगेट पर लिया। फोटो-जागरण

सब कुछ गंवा कर भी आप उनको वोट कर रहे हैं। महागठबंधन अभी बना है। जब नीतीश कुमार भाजपा के साथ थे तो भाजपा के दो उपमुख्यमंत्री थे, विधायक 75 थे। राजद के पास 77 विधायक हैं, फिर भी दूसरा उपमुख्यमंत्री नहीं है। राजद के दो ही पैर हैं, एम और वाइ।

अगर दूसरा उप मुख्यमंत्री बनेगा तो लोग कहेंगे कि भइया, एम को बनाओ। उनको भी पता है आप जाइएगा कहां, भाजपा से लड़ाई है। रोकर भी आपको उन्हें ही वोट देना ही पड़ेगा। 10 साल से मैं भाजपा से लड़ रहा हूं और ये लोग मुझे भाजपा की बी टीम बता रहे हैं।

वे जन सुराज पदयात्रा के 33वें दिन योगापट्टी प्रखंड के पिपरहिया में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चला रहे हैं हमारे लड़के, बनता हरियाणा और महाराष्ट्र में है। हम लोग घर बनवाते हैं तो सीमेंट और छड़ लगता है, बनता मध्य प्रदेश में है।

आपलोग गाड़ी चलाते हैं, गाड़ी कहां बनती है- गुजरात और तमिलनाडु में। आपलोग घरों में टीवी देखते हैं, रेडियो सुनते हैं। ये सब मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में बनता है। हमारे यहां अब सिर्फ जवान लड़कों को मजदूर बनाया जाता है। देशभर में जिसको भी मजदूरों की जरूरत होती है, बस भेजकर बिहार से मजदूर ले जाते हैं।

बिहार को लोगों को लेबर का सप्लायर बना दिया है। ज्ञान की भूमि रही है बिहार, देवताओं को भी बिहार आकर ज्ञान मिला है। अव्यवस्था ने हमको आपको लो ग्रेड लेबर का सप्लायर बना दिया है। स्थिति बदलनी चाहिए, आपके लड़के जिंदगी भर मजदूर न रहे, इसलिए पदयात्रा करने निकले हैं।

प्रशांत किशोर ने योगापट्टी प्रखंड के दर्जनभर गांवों का भ्रमण किया। लोगों से जन सुराज पर चर्चा की और इसके मायने को समझाया। पदयात्रा के दौरान प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाली लड़कियां मिलने पहुंची। उन्होंने पढ़ाई में आने वाली चुनौतियों को साझा किया। प्रशांत किशोर ने उन्हें सफलता का मूल मंत्र बताया। साथ ही पढ़ने के साथ समाज को आगे बढ़ाने की सीख दी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading