मुजफ्फरपुर : कार्तिक पूर्णिमा को लेकर गंगा स्नान के लिए टिकट काउंटरों पर भीड़ उमड़ रही है। रविवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन के कई अनारक्षित टिकट काउंटरों के प्रिंटर खराब हो गए। आठ टिकट काउंटरों में मात्र चार के चलने से यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। यात्रियों ने हंगामा भी किया।
कई यात्री बिना टिकट लिए ही ट्रेन से गए। आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन पर भी भीड़ रही। महिला टिकट काउंटर समेत एक, दो, छह, आठ नंबर टिकट काउंटर के प्रिंटरों में खराबी आ गई। उन्हें बंद कर दिया गया।
महिला काउंटर बंद होने से कई महिलाएं भी टिकट नहीं ले सकीं। कुछ महिलाओं ने दूसरे काउंटर पर टिकट लिया। अर्चना कुमारी ने बताया कि महिला काउंटर होने के कारण पुरुष काउंटर पर लाइन लगाकर टिकट लेना पड़ा।
प्रिंटर खराब होने की वजह से कई यात्रियों का रिफंड भी नहीं मिल सका। बेतिया के रहने वाले गोविंद कुमार ने बताया कि दो नंबर काउंटर से टिकट लिया था। काउंटर बंद कर दिया गया। दूसरे काउंटर पर लाइन लगाकर पहुंचने में आधा घंटा लगा, लेकिन पैसा रिफंड नहीं किया गया।
रेल कर्मियों का कहना था कि जिस काउंटर से टिकट लिया है, रिफंड उसी काउंटर से होगा। इसको लेकर यात्रियों ने ट्विट कर रेल मंत्रालय से शिकायत भी की है।
बता दें कि रविवार को लोकल टिकट कम कटे। हालांकि कार्तिक पूर्णिमा और छठ बाद होने वाली भीड़ के प्रबंध को लेकर सोनपुर रेलमंडल के एडीआरएम संजीव राय, सीनियर डीसीएम प्रसन्ना कात्यायन अधिकारियों की टीम के साथ पहुंचे थे।
उन्होंने कामर्शियल के अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा था। इधर, यूटीएस प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि प्रिंटर खराब होने की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है।

