मुजफ्फरपुर : तीन मान्यता रद इंटर कालेजों के विद्यार्थियों को नजदीकी प्लस टू स्कूलों से टैग किया गया है। ये विद्यार्थी अब यहीं से वार्षिक परीक्षा देंगे। जिला शिक्षा विभाग की ओर से रद और टैग होने के बाद नए संस्थान की सूची जारी कर दी गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पवनधारी सिंह महिला इंटर कालेज को राधादेवी बालिका उच्च विद्यालय सिकंदरपुर, महंत मधुसूदन दास महिला महाविद्यालय श्रीसियां कांटी को राजकीयकृत एसआरएल उच्च विद्यालय श्रीसियां कांटी और खुदीराम बोस स्मारक महाविद्यालय को राजकीयकृत नथुनी भगत उच्च विद्यालय से टैग कर दिया गया है।
डीइओ कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि इसकी जानकारी संबंधित छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को भी उपलब्ध कराएं। बता दें कि तीनों महाविद्यालयों ने प्लस टू की संबद्धता के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवेदन भेजा था।
समिति की टीम ने स्थलीय सत्यापन के दौरान मानक के अनुसार आधारभूत संरचना नहीं होने पर इन कालेजों की रिपोर्ट की थी। इसके बाद बिहार बोर्ड ने इन तीनों कालेजों की मान्यता इस सत्र के लिए समाप्त कर दी थी।
साथ ही कहा था कि यदि कमियों को पूरा करते हुए वे अगले सत्र में आवेदन देंगे तो उन्हें संबद्धता देने पर विचार किया जा सकता है।



