कुढ़नी सीट के लिए उप चुनाव के लिए भाजपा ने शुरू कर दी है तैयारी, महागठबंधन के उम्‍मीदवार को परास्‍त करने की रणनीति पर काम शुरू

पटना : बिहार विधानसभा की कुढ़नी सीट के लिए उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पूरा जोर लगाने वाली है। यह सीट राष्‍ट्रीय जनता दल के विधायक अनिल सहनी को अयोग्‍य घोषित किए जाने के कारण रिक्‍त हुई है। अब चर्चा है कि महागठबंधन की ओर से इस सीट पर राजद की बजाय जनता दल यूनाइटेड का उम्‍मीदवार मैदान में आ सकता है। इस बीच भाजपा का प्‍लान पूरी तरह क्‍लीयर है।

कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार भाजपा के प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े दो दिवसीय दौरे पर अगले सप्ताह 15 नवंबर को पटना आ रहे हैं।

उन्होंने दरभंगा और भागलपुर में पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई है। प्रदेश प्रभारी के आगमन को लेकर पार्टी तैयारी में जुट गई है। इस दौरान तावड़े दरभंगा में नौ जिलों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

इसके अगले दिन 16 नवंबर को उनका भागलपुर जाने का कार्यक्रम है। वहां भी वह संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठेंगे। तावड़े क्षेत्रीय बैठक में संगठन की नब्ज टटोलेंगे।

साथ ही बिहार भाजपा कोर ग्रुप और चुनाव समिति की बैठक में भी भाग ले सकते हैं। इस बीच कुढ़नी उपचुनाव को लेकर पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ रणनीति तय करेंगे। भाजपा की कोश‍िश है कि कुढ़नी सीट को किसी तरह जीत लिया जाए।

तावड़े इससे पहले 14 अक्टूबर को तीन दिवसीय दौरे पर बिहार आए थे। तब उन्होंने पटना में वन टू वन हरेक वरिष्ठ नेताओं से मिलकर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली थी तथा संगठन की भावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया था। आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के साथ मुजफ्फरपुर और पटना प्रमंडल के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी ली थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading