मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर में श्रम संसाधन विभाग, युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अवर प्रादेशिक नियोजनालय, मुजफ्फरपुर की ओर से एकदिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा और अभ्यर्थी पहुंचे और रोजगार के उपलब्ध अवसरों की जानकारी ली।



रोजगार मेले में करीब 21 निजी कंपनियों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। यहां अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से जॉब प्रोफाइल, कार्यस्थल और चयन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा ऑनलाइन आवेदन भी किया।



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोचहा विधायक बेबी कुमारी मौजूद रहीं। उन्होंने रोजगार मेले का जायजा लिया और युवाओं से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक ने कहा कि युवा रोजगार एवं कौशल विकास के तहत इस तरह के आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मददगार हैं और उन्होंने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


वहीं, जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने बताया कि मेले में लगभग 21 कंपनियों ने हिस्सा लिया है और कुछ सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थी अपनी इच्छा और योग्यता के अनुसार कंपनी का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

अंतिम चयन संबंधित कंपनियों द्वारा उनके निर्धारित चयन स्थल पर किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि किसी भी कंपनी में नौकरी ज्वाइन करने से पहले कंपनी, जॉब प्रोफाइल, कार्यस्थल और अन्य आवश्यक जानकारी को अच्छी तरह समझ लें और संतुष्ट होने के बाद ही निर्णय लें।


जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले के आयोजन से युवाओं को एक ही परिसर में विभिन्न कंपनियों और रोजगार विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों में रोजगार को लेकर उत्साह देखने को मिला।

