चाचा-भतीजे की खत्म हुई नाराजगी, मंत्री पारस बोले- एनडीए बड़ा परिवार, चिराग साथ आएं तो आपत्ति नहीं

पटना : लोकसभा चुनाव से पहले चाचा (पशुपति पारस) और भतीजा (चिराग पासवान) के एकसाथ होने की चर्चाओं के बीच राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में एनडीए बड़ा परिवार है।

चिराग के एनडीए में आने पर उन्हें कोई आपत्ति क्यों होगी? चिराग का एनडीए में आने का वो स्वागत करते हैं। उन्होंने पत्रकारों से यह बात कही। इस मौके पर पार्टी के विधान पार्षद भूषण राय, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल और प्रधान महासचिव केशव सिंह समेत अन्य नेता मौजूद थे। 28 नवंबर को पटना में लोजपा का 23वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा।

चाचा-भतीजा के अलग रहने से 2024 के आम चुनाव में रालोजपा व लोजपा (रामविलास) के वोटों का बंटवारा होने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री पारस ने कहा कि हमारे साथ आने से पहले चिराग को प्रायश्चित करना होगा, तब सोचेंगे। वैसे व्यक्ति नहीं, समय बलवान होता है। भविष्य कोई नहीं जानता है। जंगल में शेर और भालू दोनों रहते हैं। पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए सभी का रहना जरूरी है।

पारस ने आरोप लगाया कि महागठबंधन सरकार पासवान जाति के अफसरों के साथ दोहरा मापदंड अपना रही है। यहां तक कि एक आइपीएस अफसर को भी निलंबित किया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। तभी तो भोजपुर के जिलाधिकारी को कानून व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु एसपी को पत्र लिखना पड़ा। कहा कि वे जीतन राम मांझी और कांग्रेस के बयान से सहमत हैं कि बिहार में शराबबंदी विफल है। 200 रुपये की शराब बोतल 1500 में बेची जा रही है। अमीर लोग आराम से पी रहे हैं। केवल गरीब लोगों को पकड़ा जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading