पटना : हिमालय के पहाड़ों में बर्फबारी की शुरुआत हो चुकी है। इन पहाड़ों से होकर आती पछुआ हवा ने मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ा दी है। रात ढलने के साथ तापमान तेजी से गिर रहा है। सुबह धूप निकलने तक ठीकठाक ठंड पड़ने लगी है। हालांकि, दिन में धूप खिलने के कारण फिलहाल लोगों को राहत है।
बिहार में उत्तर पछुआ हवा के कारण राजधानी समेत प्रदेश के 17 जिलों के तापमान में गिरावट आई है। राजधानी समेत प्रदेश के 17 जिलों के वाल्मीकि नगर, पूर्वी चंपारण, सिवान, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, पूर्णिया, सुपौल में पारे में गिरावट होने से इन जगहों पर ठंड में वृद्धि हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नवंबर माह में गया सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरने के साथ 9.00 डिग्री पहुंचा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 2019 में 21 नवंबर को गया का न्यूनतम पारा 12.0 डिग्री सेल्सियस व 2021 में 25 नवंबर को 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं राजधानी पटना के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आने से 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में पछुआ हवा की गति आठ से 10 किमी प्रतिघंटा है। इसके प्रभाव से पांच दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं तीन दिनों के बाद पारे में क्रमिक गिरावट होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में ठंड में बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट के साथ 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के रोहतास में दो डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



