पटना : शिवसेना नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से मुलाकात की है। वो सबसे पहले राबड़ी आवास पहुंचे। वहां पर तेजस्वी यादव ने उनका स्वागत किया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने आदित्य ठाकरे को लालू यादव की जीवनी पर लिखी किताब भेंट की। इस दौरान शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी, अनिल देसाई भी मौजूद रहे।
तेजस्वी ने दी लालू यादव की किताब
शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे बुधवार को पटना पहुंचे। उसके बाद वो प्रदेश के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से मुलाकात करने राबड़ी आवास गए। इस दौरान तेजस्वी ने आदित्य ठाकरे को शाल और लालू यादव की किताब भेंट की। दोनों के बीच काफी देर तक बाततीच हुई।
तेजस्वी के साथ सीएम आवास पहुंचे ठाकरे
राबड़ी आवास पर दोनों की मुलाकात हुई। उसके बाद डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव आदित्य ठाकरे को लेकर सीएम आवास पहुंचे। जहां आदित्य ठाकरे की मुलाकात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हुई। गौरतलब है कि पटना पहुंचने के बाद आदित्य ठाकरे ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने इस दौरान कहा कि मैं पटना पहली बार आया हूं। स्वागत से अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के साथ अच्छी दोस्ती बनेगी। उन्होंने कहा कि हमारी उम्र भी लगभग बराबर है। देश के मुद्दों को लेकर हमारी सोच है।






