राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव किडनी ट्रांसप्लांट कराने सिंगापुर जाने वाले हैं। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य अपने पिता को किडनी डोनेट करेंगी। ऐसी खबर है कि 25 नवंबर को वो दिल्ली से सिंगापुर जा सकते हैं। सिंगापुर जाने से पहले जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व सांसद पप्पू यादव ने राजद सुप्रीमो से दिल्ली में मुलाकात की है।
लालू यादव से मिलकर भावुक हुए पप्पू
जन अधिकारी पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने दिल्ली में लालू यादव से मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। मुलाकात के बाद पप्पू यादव भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहा है। उन्होंने कहा कि देश इस वक्त बुरे दौर से गुजर रहा है। ऐसे में लालू यादव जैसे व्यक्ति का जल्द ठीक होकर वापस आना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लालू यादव संविधान की रक्षा, गरीबों के हक को लेकर हमेशा मुखर रहे हैं। इसलिए वो जल्द ठीक होकर आएं, इसके लिए मैं प्रार्थना करता हूं। ठीक होकर आने के बाद लालू फिर से राजनीतिक जीवन में सक्रिय होंगे और गरीबों की आवाज को बुलंद करेंगे।
लालू जी से जो सीखा है वैसे ही काम करता रहूंगा
पप्पू यादव ने लालू यादव से मुलाकात के दौरान क्या बात हुई उसका भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राजद सुप्रीमो मेरी माता-पिताजी के बारे में पूछ रहे थे। वो मधेपुरा के लोगों के बारे में बात कर रहे थे। पप्पू यादव ने कहा कि जनता से जुड़ने की कला जो लालू यादव में है वो अब किसी नेता में देखने को नहीं मिलती।
रोहिणी आचार्य डोनेट करेंगी किडनी
लालू यादव की बेटी रोहिणी सिंगापुर में ही रहती हैं। पिता लालू यादव को अपनी किडनी डोनेट करेंगी। तेजस्वी यादव ने कुछ दिनों पहले यह जानकारी दी थी कि रोहिणी की किडनी का मैच सबसे अच्छा पाया गया है।





