बिहार छात्र संघ द्वारा विश्वविद्यालय में प्रदर्शन,बीएएमएस की परीक्षा पर सालभर बाद भी निर्णय नहीं

बिहार: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में बीएएमएस सत्र 2021-25 के फाइनल ईयर की परीक्षा पर सालभर बाद भी निर्णय नहीं हो सका। इसको लेकर आक्रोशित छात्रों ने बुधवार को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।

परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत किया। साथ ही परीक्षा पर शीघ्र निर्णय का आश्वासन दिया। इस दौरान वार्ता के लिए प्रॉक्टर प्रो. विपिन कुमार राय और परीक्षा नियंत्रक डॉ. गिरिजेश नंदन कुमार आए।

बिहार छात्र संघ अध्यक्ष गौतम सिंह ने कहा कि संबंधित सेक्शन के प्रभारी प्रॉक्टर और परीक्षा नियंत्रक के अधीन आता है। शीघ्र परीक्षा कराने के लिए आदेश दें, अन्य छात्र आगे बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह ने कहा कि छात्रों को कॉलेज के द्वारा धमकाया जाता है कि तुम विश्वविद्यालय जाओगे, तो नंबर काट लेंगे और फेल करवा देंगे।

विश्वविद्यालय के कर्मचारी भी छात्रों का वीडियो कॉलेज को भेजकर दबाव बनवाते हैं। मौके पर उत्तर बिहार उपाध्यक्ष निहाल कुमार, उत्तर बिहार प्रभारी आदित्य झा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निखिल सिंह, जिलाध्यक्ष राजा बाबू, कुढ़नी प्रखंड अध्यक्ष राजा कुमार, अभिषेक, छोटेलाल, सूर्यांश, शुभम, संध्या, शिवानी, अंशु, शबनम, वर्षा, अमनदीप, किशन, सुधांशु, आफताब, नवीन, वाशि, आनंद आदि थे। विश्वविद्यालय से संबद्ध एक आयुर्वेद कॉलेज ने छात्रों को चेतावनी देते हुए बाकायदा नोटिस जारी किया है।

बीएएमएस के छात्र परीक्षा को लेकर कई बार विश्वविद्यालय मुख्यालय पर प्रदर्शन कर चुके हैं। पिछले दिनों एक कॉलेज के प्राचार्य की ओर से जारी नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कहा गया था कि बिना अनुमति विश्वविद्यालय मुख्यालय जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.