पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटर और मैट्रिक 2022 के मेधा सूची में शामिल विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। तीन दिसंबर को डा. राजेंद्र प्रसाद की जयंती है। समारोह में मैट्रिक के टाप- दस और इंटर के टाप-पांच विद्यार्थी शामिल होंगे।
जिसमें मैट्रिक और इंटर के कुल 76 विद्यार्थी शामिल हैं। इंटर के तीनों संकाय के अलग-अलग टाप-पांच को सम्मानित किया जाएगा। इसमें विज्ञान के 13, कला संकाय के छह और वाणिज्य संकाय के दस विद्यार्थी शामिल है। वहीं, मैट्रिक में टाप- 10 में 47 विद्यार्थी शामिल हैं। समारोह में शिक्षा विभाग के मंत्री व अपर मुख्य सचिव, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहेंगे।
इस मौके पर देशरत्न डा राजेंद्र प्रसाद की जीवनी पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें इंटर के तीनों संकाय और मैट्रिक के प्रथम स्थान प्राप्त छात्रों को एक-एक लाख रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र को 75-75 हजार रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त छात्र को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
साथ ही मेधा सूची में शामिल सभी छात्रों को एक-एक लैपटाप, किंडल और ई -बुक रिडर, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। मैट्रिक में चौथे से 10 वें स्थान तक प्राप्त छात्रों को 10-10 हजार रुपया, प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं लैपटाप देकर सम्मानित किया जायेगा। राज्य के जिलों के जिला पदाधिकारियों एवं जिला शिक्षा पदाधिकारियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।




