मुजफ्फरपुर : नगर निकाय चुनाव को लेकर निर्वाची पदाधिकारी सह डीएम प्रणव कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि इस बार निकाय चुनाव में दो नए चीजों को लागू किया जा रहा है।
सभी बूथों पर फेस रिकॉग्नाइजेशन सॉफ्टवेयर के माध्यम से मतदाताओं का फोटो लिया जाएगा। इससे कोई भी मतदाता दोबारा वोट नहीं डाल सकेंगे।
इसके अलावा ओसीआर के माध्यम से काउंटिंग होगी जिसमें कोई भी गड़बड़ी नहीं होगी। सभी वोट रिकॉर्डेड होंगे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से निकाय चुनाव को लेकर सारी तैयारियां कर ली गयी है।
सभी कोषांग व प्रत्याशियों को निर्देशित कर दिया गया है। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पहल की जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव की तारीख का एलान कर दिया है।
प्रथम चरण में 18 दिसंबर व दूसरे चरण में 28 दिसंबर को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग के एलान के बाद से ही आचार संहिता लागू कर दी गयी है।




