नवादा. इंसान के अंदर कभी-कभी सनक इतना हावी हो जाता है कि वो अपनो के ही जान लेने को उतारू हो जाता है. कुछ ऐसा ही मामला नवादा में देखने को मिला, जहां मामूली सी बात को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई को हंसुली से मारकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया. बताया जाता है कि घर के छत पर लगे सब्जी को तोड़ने को लेकर दोनों भाइयों के बीच में विवाद हुआ. इसके बाद छोटे भाई ने हंसुली से वार कर बड़े भाई को बुरी तरह से जख्मी कर दिया. दोनो हाथ पर हंसुली से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया.
नवादा नगर थाना क्षेत्र के सोभिया मंदिर के पास स्थित गांधी आश्रम के समीप यह घटना हुई है, जहां छोटे भाई टुन्नी मांझी ने अपने ही बड़े भाई जितेंद्र मांझी को मारकर जख्मी कर दिया. जख्मी भाई ने बताया कि वह छत पर लगे नेनुआ सब्जी को तोड़कर उसे बनाने जा रहा था. तभी उसके छोटे भाई ने देख लिया और उसके साथ तू-तू मैं-मैं करना शुरू कर दिया.
इस दौरान भाइयों को लड़ता देख उनके पड़ोसी कारू चौधरी और उसकी साली रजनी देवी जब दोनों को छुड़ाने गए तो उन्हें भी बुरी तरह से पीटा गया. फिलहाल बड़े भाई का नवादा सदर अस्पताल में इलाज जारी है. वहीं इस घटना के बाद उल्टे आरोपी ने ही थाने में केस करने की धमकी दी है. इस घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चा हो रही है. मामूली विवाद पर रिश्तों के इस तरह तार-तार होने को लेकर स्थानीय लोग भी हैरान हैं.






