मुजफ्फरपुर. थेम्स नदी के किनारे स्थित लंदन ब्रिज देखने के लिए हर साल लाखों पर्यटक जाते हैं. भारत से भी तमाम पर्यटक विदेश भ्रमण के दौरान लंदन ब्रिज देखने जाते हैं और वहां सेल्फी लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हैं. यदि आप लंदन ब्रिज को देखने और वहां सेल्फी लेने के इच्छुक हैं, तो वहां गए बिना भी ऐसा कर सकते हैं. बस आपको बिहार के मुजफ्फरपुर आना होगा.
दरअसल मुजफ्फरपुर में इन दिनों लंदन ब्रिज की धूम है. युवा उद्यमी रोहित कुमार ने लंदन ब्रिज बनाकर मुजफ्फरपुर में अपना रेस्टोरेंट खोला है. रेस्टोरेंट की छत पर रोहित ने भव्य और विशालकाय ब्रिज का निर्माण किया है, जो देखने में हूबहू वैसा ही है. इसे देखने वालों को विश्वास ही नहीं होता है कि यह ब्रिज मुजफ्फरपुर में है.
रियल लुक देने को ब्रिज के साथ बनवाया डैम
रोहित ने इस लंदन ब्रिज रेस्टोरेंट में ब्रिज के आसपास ठीक वैसे ही डैम बनवाए हैं, जैसे लंदन में है. जैसे-जैसे इस ब्रिज की चर्चा मुजफ्फरपुर जिले और दूसरे शहरों में हो रही है, वहां से खासतौर से युवा वर्ग इसे देखने और रेस्टोरेंट में बैठकर जायका का लुत्फ उठाने के लिए आने लगे हैं. इस लंदन ब्रिज को देखने पटना से भी युवा मुजफ्फरपुर आ रहे हैं. रेस्टोरेंट की छत पर बनाया गया लंदन ब्रिज लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गया है. रेस्टोरेंट में मिलने वाले लजीज पकवान को लोग ब्रिज के अहाते में बैठकर खाते हैं.
लंदन के सॉसेज के साथ चखते हैं चिकन और पनीर की डिश
लंदन ब्रिज रेस्टोरेंट के मैनेजर हर्षित बताते हैं कि हम अपने यहां आए लोगों को लंदन जैसा फील कराने का पूरा प्रयास करते हैं. उन्होंने बताया कि हमारे एक्सपर्ट शेफ चिकन और पनीर के साथ-साथ लंदन स्पेशल सॉसेज ग्राहकों को खिलाते हैं. लंदन ब्रिज में मिलने वाले मॉकटेल हमारे देश में मिलने वाले सबसे बेहतरीन मॉकटेल्स में से एक है.





