अगले दो दिन बाद बढ़ सकती है बिहार में ठंड, दिसंबर के अंतिम हफ्ते शीत लहर के आसार

पटना : मौसमीय मॉडल और वातावरणीय स्थिति के विश्लेषण से यह दिख रहा है कि दिसंबर तीसरे हफ्ते के आखिर तक राज्य में ठंड अपने रंग में आ जाएगा। यानि 20 और 21 दिसंबर से राज्य में ठंड में काफी बढ़ोत्तरी के आसार हैं।

बिहार में ठंड का आगमन होने के बाद अब यह अपना प्रभाव जमाने लगा है। हालांकि अब भी न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। मौसमविदों के मुताबिक अगले दो दिनों बाद राज्य में ठंड बढ़ने वाली है।

दिसंबर के अंतिम हफ्ते में राज्य के कुछ जिलों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है। पटना सहित दक्षिण बिहार के जिलों में इसका असर दिखने की संभावना है, जहां पारा सामान्य से काफी नीचे आ जाएगा। उत्तर बिहार में दक्षिण बिहार की अपेक्षा एक से दो डिग्री तापमान अधिक रहेगा। पिछले 24 घंटे में गया, पटना, भागलपुर, पूर्णिया सहित अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी देखी गई।

जमुई में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री नीचे आया। वहीं, पटना में एक डिग्री पारा ऊपर चढ़ा है। राज्य भर में गया सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के छह जगहों पर न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे रहा। इनमें सीवान में दस डिग्री, रोहतास नौ डिग्री, औरंगाबाद में 9.3 डिग्री, नवादा में 8.9 डिग्री और बांका में 9.6 डिग्री रहा।

रविवार को राज्य भर के न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोत्तरी देखी गई। हालांकि दिन में देर से धूप निकलने की वजह से लोगों को ठंड महसूस हुई। धूप में भी अब दिसंबर के दूसरे हफ्ते वाली गर्मी नहीं रहने से दिन में भी ठंड का अहसास रहा और लोग गर्म कपड़ों का उपयोग करते देखे गये।

कोहरे की सघनता बढ़ने लगी है। अगले कुछ दिनों में इसमें और बढ़ोत्तरी के आसार हैं। अधिकतम तापमान में भी आंशिक गिरावट की स्थिति बनने से दिन में भी हीटर और ब्लोअर का इस्तेमाल शुरू हो गया है। हिमालय की तराई वाले इलाकों में कुछ जगहों पर सुबह में सघन कोहरा रह रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading