मुजफ्फरपुर : बेला औद्योगिक क्षेत्र के जो उद्यमी बड़ा प्लॉट आवंटित करा रखें हैं और कुछ ही हिस्सा पर काम कर रहे हैं, उन्हें बियाडा छह माह का समय शेष बची जमीन की उपयोगिता बताने के लिए देगा।
यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो बियाडा वह जमीन नए उद्यमी को दे देगा। ये बातें मंगलवार को बियाडा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शंभू प्रताप सिंह ने उद्यमियों से मुलाकात के दौरान कही।
वे दो दिन के दौरे पर मुजफ्फरपुर आए हुए है। इससे पहले उन्होंने बेला औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 और फेज-2 में चल रहे उद्यम और उसके प्रोडक्शन की जानकारी ली।
यहां इन बातों का मुआयना किया कि कौन-सी यूनिट किस तरह काम कर रही है। उनके कैंपस में कितनी भूमि का उपयोग हो रहा है। हाईकोर्ट के आदेश पर पुन: चालू की गई फैक्ट्रियां कार्यरत हैं या नहीं।
औद्यौगिक क्षेत्र में सफाई, सड़क, नाला और लाइट की क्या स्थिति है। औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद उन्होंने कहा कि तीन सड़कें ऐसी हैं, जिन्हें तुरंत मरम्मत करने की जरूरत है।




