मुजफ्फरपुर : मुख्यमंत्री नल-जल और मुख्यमंत्री नली-गली योजना में छूट गए इलाकों का एक सप्ताह में सर्वे पूरा होने के साथ ही एस्टीमेट भी तैयार हो जाएगा।
इसको लेकर नगर आयुक्त नवीन कुमार ने आदेश जारी किया है। निगम के इंजीनियरों को 28 दिसंबर तक एस्टीमेट तैयार कर 29 दिसंबर तक देने को कहा गया है।
एस्टीमेट में खामी या सुस्ती संबंधित अधिकारियों पर भारी पड़ सकती है। सप्ताह भर में एस्टीमेट बनाने के लिए छह जूनियर व सहायक इंजीनियरों के नेतृत्व में टीम गठित कर दी है। हर टीम में इंजीनियर के साथ ही निगम की जल शाखा के पाइपलाइन इंस्पेक्टर को भी शामिल किया गया है।
हर टीम को अलग-अलग वार्डो की जिम्मेवारी दी गई है। शहर के कई इलाकों में नल-जल व नली-गली योजना का काम नहीं हुआ है। ऐसे में उन घरो या जगहों की पहचान करने को कहा गया है, जहां नाला-सड़क या नल-जल का कनेक्शन नहीं मिला है।





