पटना। बर्फीली पछुआ हवा के प्रवाह व प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पटना समेत पूरा प्रदेश ठंड से ठिठुर रहा है। रविवार को थोड़े समय के लिए धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन सोमवार को धूप भी बेअसर रहा। सोमवार को पटना इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस हफ्ते मौसम में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। दो दिनों तक प्रदेश में कोल्ड डे व घना कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा।
मौसम विज्ञानी की मानें तो 12 जनवरी के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने से ठंड में कमी आएगी। राजधानी समेत प्रदेश के 25 जिलों में कोल्ड डे बने रहने के साथ घना कोहरा का प्रभाव बना रहेगा।
इसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, बांका में शीत लहर का प्रभाव देखने को मिलेगा।
सोमवार को पटना, भागलपुर, छपरा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रही। पटना में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री गिरावट के साथ 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को पटना का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस था।
बीते 24 घंटों के दौरान पटना के तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट होने से लोग ठंड में दिन भर ठिठुरते रहे। वहीं भागलपुर, गया में शीतलहर का प्रभाव बना रहा। कड़ाके की ठंड के बाबजूद अपने लक्ष्य पर समर्पित युवा पटना कॉलेज घाट पर कम्बल ओढ़कर तैयारी करते दिखे।



