मुजफ्फरपुर : मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना का लाभ इंटर पास अविवाहित छात्राओं को मिलेगा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। दो सत्र में इंटर उत्तीर्ण करने वाली छात्राएं आवेदन कर सकेंगी। वर्ष 2021 में इंटर उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को 10 हजार और 2022 में उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को 25 हजार रुपये मिलेंगे।
यह राशि आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीधे छात्रा के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। आवेदन के समय अन्य डॉक्यूमेंट्स के साथ छात्रा को अविवाहित होने का प्रमाण पत्र भी देना होगा। आवेदन को लेकर निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने दिशा-निर्देश जारी किया है।

कहा गया है कि एकाउंट छात्रा के नाम से होना चाहिए। राष्ट्रीकृत बैंक, मान्यता प्राप्त निजी बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के बिहार में स्थित किसी भी शाखा में एकाउंट होने पर ही योजना का लाभ मिलेगा।



