मुजफ्फरपुर : सदर थाना के बीबीगंज में सोमवार की देर रात एनएच-28 पर ट्रक को घेरकर चालक व खलासी के साथ मारपीट कर 30 हजार रुपये छीन लिये। कार सवारों ने 10 हजार रुपये मोबाइल से खाते में ट्रांसफर करवाए और 20 हजार नगद लिये। रोहतास जिले के नटवार थाने के माधोपुर निवासी ट्रक चालक उदल सिंह व खलासी विकास चौबे ने सदर थाने में इसकी एफआईआर दर्ज कराई है। लगातार दो रात में कार सवारों के द्वारा ट्रक चालकों से मारपीट कर रुपये छीनने की यह दूसरी घटना है। ट्रक चालक ने पुलिस को बताया है कि वह जयनगर से माल लोड कर सासाराम जा रहा था।

बीबीगंज में अचानक एक कार ने सामने से आकर गाड़ी को घेरा। इस क्रम में ट्रक से कार में हल्की ठोकर लग गई। इसके बाद कार सवार मारपीट करने लगे और पैसे ले लिए। सदर थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रक चालक ने यादव नगर निवासी राजा कुमार को नामजद आरोपी बनाया है। इधर, शेरपुर में रविवार की रात कार सवार युवकों ने ट्रक के आगे का शीशा तोड़कर हथियार के बल पर खलासी छपरा के मशरक निवासी इमरान अंसारी उर्फ सोनू के साथ मारपीट कर 1.35 लाख रुपये लूट लिये थे। इसमें सोनू के बयान पर मुन्ना सहनी को नामजद आरोपी बनाया था।




