शौचालय निर्माण नहीं करने वाले 25 स्कूल के हेडमास्टर का वेतन बंद कर दिया गया है। मंगलवार को शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह ने कार्रवाई की। समीक्षा के दौरान यह मामला सामने आया कि अभी तक अलग-अलग प्रखंड में 25 स्कूलों ने शौचालय निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू नहीं की है। डीईओ ने कहा कि शौचालय निर्माण शुरू होने तक सभी स्कूल के हेडमास्टर का वेतन बंद रहेगा। सभी को एक सप्ताह का समय दिया गया है। डीईओ ने कहा कि 16 प्रखंड में स्कूल की संख्या अलग-अलग है। कई प्रखंड में एक स्कूल तो कहीं दो हैं जिन्होंने बार-बार के निर्देश के बाद भी शौचालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की है।
इस दौरान मध्याह्न भोजन से लेकर साक्षरता कार्यक्रम की समीक्षा की गई। नवभारत साक्षर कार्यक्रम के तहत वॉलंटियर के अभी तक चयन नहीं करने पर डीईओ ने फटकार लगाई और सभी बीईओ को 30 जनवरी तक का समय दिया है। 30 जनवरी तक पंचायत वार वॉलंटियर का चयन करने के साथ ही साक्षर कार्यक्रम के तहत दिए गए लक्ष्य के निरक्षरों का भी चयन कर लेना है, ताकि इस कार्यक्रम की शुरुआत की जा सके।

इसके साथ ही डीईओ ने प्रबंध पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड नहीं करने को लेकर डीपीओ को दो दिन का अल्टीमेटम दिया। बिहार शिक्षा परियोजना के तहत स्कूल से बाहर के बच्चों के लिए गैर आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। इसको कागज पर चलाने का मामला सामने आने पर संभाग प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा और निर्देश दिया है कि इसकी रिपोर्ट हर सप्ताह विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की जाय। इसमें बच्चों के नाम पता के साथ उनके प्रशिक्षण देते. हुए फोटो भी अपलोड किया जाना है।



