पटना : वैश्विक संगठन जी-20 की बैठक को लेकर बिहार में भी तैयारी चल रही है। छह और सात मार्च को लगभग 70 विदेशी प्रतिनिधि पटना आएंगे। इसे लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में बैठक हुई। बैठक में बिहार आने वाले प्रतिनिधियों के रूट प्लान और यहां के कार्यक्रम पर विचार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि रूट प्रोग्राम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है लेकिन अगले एक-दो दिनों में इसका विस्तृत ब्योरा आ जाएगा। जी-20 सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधि नालंदा, राजगीर और गया की यात्रा भी करेंगे। वे.. बिहार की विरासत को देखेंगे। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले प्रतिनिधियों की संख्या में बदलाव हो सकता है। उनके ठहरने के लिए राजधानी के होटल मौर्या को तीन दिनों के लिए बुक किया गया है। साथ-साथ ही पटना के अशोक कन्वेंशन हॉल में उनके लिए मनोरंजन की व्यवस्था करने पर विचार चल रहा है। प्रतिनिधियों के आवभगत में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। कुमकुम, रोली लगाया जाएगा। उनके ऊपर फूल बरसाए जाएंगे और आरती उतारी जाएगी।

पूरा मौर्या होटल तीन दिन के लिए बुक
होटल मौर्या के फ्रंट लाइन मैनेजर गिरीश सिन्हा बताते हैं कि 5 से 7 मार्च के बीच सभी 73 कमरे, चार स्यूट रूम, आशोका व कौटिल्या सभागार बुक है। होटल के फूड एंड वेवरेज मैनेजर निशिथ कुमार ने बताया कि अभी भोजन का मेन्यू फाइनल नहीं है। सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को उनके देश के अनुसार व्यंजन परोसे जाएंगे। साथ ही तरह-तरह के देसी व्यंजनों की व्यवस्था भी विदेशी प्रतिनिधियों के लिए रहेगी।




