पटना. इस साल देश अपना 74 वां गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी में लगा हुआ है. बिहार में भी तैयारियां तेज गति से चल रही है. राजधानी स्थित गांधी मैदान में झंडोतोलन की तैयारी तेज गति से चल रही है. एक तरफ गांधी मैदान को समतल किया जा रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ झांकी भी बनाई जा रही है. आपको बता दें इस बार राज्य सरकार के 12 विभागों की तरफ से झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा. सभी कारीगर गांधी मैदान के एक हिस्से में 12 अलग-अलग झांकी बनाने में लगे हुए हैं. गांधी मैदान के बाकी हिस्सों में परेड की तैयारी भी चल रही है. बिहार पुलिस के सभी टुकड़ियां परेड रिहर्सल में लगी हुई हैं.
झांकी में क्या होगा खास
26 जनवरी को गांधी मैदान में राज्यपाल फागू चौहान झंडोतोलन करेंगे. इस दौरान 12 विभागों की झांकी निकलेगी. डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि झांकी की ऊंचाई अधिकतम 15 फीट होगी. उन्होंने कहा कि परेड और झांकियों का फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को होगा. गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए सीएम नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित सभी मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, बिहार के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसद, सभी विभागों के वरीय अधिकारी समेत 2500 गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा.
गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहारवासियों को राज्य सरकार के 12 विभागों की झांकी निकाली जाएगी. इनके नाम और विषय वस्तु इस प्रकार हैं.
1. उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान – बिहार में उद्योग के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदम
2. मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग- मद्य निषेध
3. महिला एवं बाल विकास निगम- कामकाजी महिलाओं के लिए ‘पालनाघर’
4. पंचायती राज विभाग – सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव
5. जल संसाधन विभाग- गंगाजल आपूर्ति योजना

6. कृषि निदेशालय- कृषि यंत्र बैंक (कस्टम हायरिंग सेंटर)
7. कला, संस्कृति एवं युवा विभाग – खेल रहा है बिहार, खिल रहा है बिहार
8. पर्यटन निदेशालय- ओढ़नी डैम, बांका
9. श्रम संसाधन विभाग- आर्थिक हल, युवाओं को बल

10. निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी का कार्यालय – ‘अग्नि से सुरक्षा, जान-माल की रक्षा’
11. जीविका- उद्यमिता से आत्मनिर्भरता (महिला उद्यमिता की बही बयार, आत्मनिर्भर हो रहा ग्रामीण परिवार)
12. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद्- ‘अपनी तो पाठशाला – मस्ती की पाठशाला’


